पिता ने लगाया आरोप : हत्या कर शव फंदे पर लटकाया गया
मकान मालिक दुबराज मंडल सहित उसके पुत्र संजय व पांच लड़कों को बनाया गया है आरोपित
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के लोधरातरी गांव का रहनेवाला था छात्र प्रदीप
देवघर नंदन पहाड़ के समीप किराये के कमरे में रहकर करता था पढ़ाई
देवघर : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदन पहाड़ के समीप मुहल्ले में स्थित एक घर में गुरुवार सुबह इंटर के छात्र प्रदीप यादव (19) का फांसी के फंदे से लटकता शव पुलिस ने बरामद किया है. मृतक गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधरातरी गांव का रहनेवाला था. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटनास्थल से पुलिस ने मृतक की स्मार्ट मोबाइल फोन, एक इयरफोन व तीन चाबी का गुच्छा बरामद किया है.
घटना को लेकर मृतक के पिता लखन यादव ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव फंदे में लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है. पिता के अनुसार, प्रदीप यहां नंदन पहाड़ के समीप किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था. वह इंटर का छात्र था. बुधवार को उससे फोन पर बात हुई थी तो सबकुछ ठीक-ठाक बताया था. सुबह करीब 5:30 बजे मकान मालिक दुबराज मंडल के पुत्र संजय कुमार ने फोन कर बताया कि जल्दी आइये, आपका पुत्र सीरियस है.
यहां परिजनों के साथ आने पर देखा कि बेटा गमछे के सहारे फांसी पर लटका है. गौर से देखने पर उसका हाथ व ललाट देख शक हुआ. नगर पुलिस को दिये बयान में लखन ने कहा है कि मकान मालिक सहित उसके पुत्र व अन्य ने मिलकर प्रदीप को साजिश के तहत मारकर टांग दिया है. पिता का दावा है कि उपरोक्त लोगों ने ही बेटे की हत्या कर दी.
पुलिस बयान में लखन ने मकान मालिक सहित उसके पुत्र के अलावा देवीपुर थाना क्षेत्र के अमैयासार निवासी धीरज कुमार, बूढ़ई थाना क्षेत्र के पांडेडीह निवासी संजय कुमार, मुकेश यादव, मधुपुर थाना क्षेत्र के दोमुहानी निवासी पवन कुमार व विकास कुमार को नामजद बताया है. इस संबंध में लखन के बयान पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरु कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने के एसआइ अविनाश गौतम पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पहुंचे और छानबीन की. प्रदीप का शव घर के दरवाजे के समीप गमछे से लटका हुआ था.
