राज्य में कायम रहे सुख-शांति यही है बाबा भोले से कामना
देवघर : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ट्रेन से मंगलवार की सुबह देवघर पहुंची. वह बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मानसरोवर तट स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम पहुंची. जहां बोल बम के उद्घोष के साथ कांवरियों को संबोधित किया. साथ ही आइएमसीआर कंट्रोल रूम के माध्यम से मेला क्षेत्र व रूट लाइन में उपलब्ध सुविधाओं […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
देवघर : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ट्रेन से मंगलवार की सुबह देवघर पहुंची. वह बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मानसरोवर तट स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम पहुंची. जहां बोल बम के उद्घोष के साथ कांवरियों को संबोधित किया. साथ ही आइएमसीआर कंट्रोल रूम के माध्यम से मेला क्षेत्र व रूट लाइन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली.
राज्यपाल ने कहा कि मैंने राज्य के सुख-शांति की कामना के साथ बाबा पर जलाभिषेक किया. देश में 12 ज्योतिर्लिंगों में देवघर का महत्वपूर्ण स्थान है. यह आस्था व विश्वास का केंद्र है. देश, समाज व लोगों की सुख-समृद्धि के लिए यहां लाखों की संख्या में भक्त आते हैं. हमलोग एक दिन जलाभिषेक करते हैं, तो कितना आगे बढ़ते हैं.
राज्य में कायम रहे…
साल में 365 दिन सादगी का जीवन जीयें, इसके लिए बाबा भोलेनाथ को अंतर्मन से याद करना चाहिए. कांवरियों से कहा कि आपलोग इतनी दूरी तय कर देवघर आते हैं, बावजूद जलाभिषेक के बाद आपके चेहरे पर न कोई थकान, न कोई परेशानी और न ही कोई चिंता दिखती है. आपलोग एक दिन जल चढ़ाते हैं, तो हमलोगों पर सालों भर शांति बरसती है. बाबा का नाम आशुतोष भी है, इसलिए उन्हें हमेशा याद करते रहे. यहां की व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री से बात की हूं. आपलोगों के सहयोग से बाबा मंदिर विश्व का बड़ा मंदिर होगा. कार्यक्रम के बाद राज्यपाल बासुकिनाथ के लिए प्रस्थान कर गयी.
रांची-दुमका एक्सप्रेस से पहुंची देवघर
राज्यपाल मंगलवार की सुबह रांची-दुमका एक्सप्रेस ट्रेन के विशेष कोच से देवघर रेलवे स्टेशन पहुंची. यहां सिदो कान्हू मुर्मू विवि दुमका के कुलपति प्रो मनोरंजन सिन्हा, डीसी राहुल कुमार सिन्हा व एसपी नरेंद्र कुमार सिंह ने बुके देकर उनका स्वागत किया. राज्यपाल को देवघर सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस अवसर पर संताल परगना आयुक्त भगवान दास, सिविल एसडीओ राम निवास यादव, एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव, डीपीआरओ रवि कुमार, असिस्टेंट डीपीआरओ रोहित कुमार, डीआइओ एबी रॉय आदि उपस्थित थे.