देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के रतुरायडीह गांव में सोमवार को जमीन विवाद में देवेंद्र यादव की हत्या करने का एफआइआर दर्ज कर लिया गया है. मृतक की पत्नी कुशमी देवी ने गोतनी कौशल्या देवी व भैंसुर गोपाल यादव उर्फ जोगी के खिलाफ हत्या का मामला मोहनपुर थाने में दर्ज कराया. जिक्र है कि देवेंद्र चार साल से आसनसोल में रहकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था.
अपने हिस्से की जमीन खेतीबारी के लिये भाई व भाभी को दे रखा था. दो माह पूर्व सपरिवार देवेंद्र गांव लौटा. भाई व भाभी से अपने हिस्से की जमीन मांगा तो वे लोग देने से आनाकानी करने लगे. इसी बात को लेकर सोमवार को पति व भैंसुर के बीच बकझक हुई. भैंसुर ने पति को तीर से मारकर घायल कर दिया.
उस दौरान पति ने जान बचा कर भागने का प्रयास किया तो गोतनी ने उन्हें पकड़ रखा. इतने में भैंसुर ने भाला निकालकर पति के सीने में मार दिया. इससे वे घटनास्थल पर ही गिर गये और मौके पर उनकी मौत हो गयी. उस दौरान कुशमी भी अपनी जान बचाकर भाग निकली. इसके बाद पुलिस को सूचित की. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने डुमरिया गांव में छापेमारी की, लेकिन दोनों फरार मिले.
