जिला शिक्षा अधीक्षक की अध्यक्षता में बीइइओ की बैठक
30 जनवरी तक पूरा करें आधार कार्ड व बैंक खाता का काम
किचन शेड, पेयजल व शौचालय का मांगा ब्योरा
स्वीकृत व कार्यरत शिक्षकों का मांगा ब्योरा
मध्याह्न भोजन योजना को हर हाल में रखें चालू
देवघर : सरकार के स्तर से नया नियमावली बनने के बाद ही जिले के प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों का ट्रांसफर-पोस्टिंग व डेपुटेशन होगा. अगर कोई शिक्षक विद्यालय से लगातार फरार हैं अथवा विद्यालय नहीं आ रहे हैं. उनकी अद्यतन रिपोर्ट मांगी गयी है. यह निर्देश बीआरसी देवघर में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक ने सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को दिया है. जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा है कि जिस किसी विद्यालय में किचन शेड नहीं बना है. पेयजल व शौचालय की आवश्यकता है. अविलंब सूची उपलब्ध करायें. आधार कार्ड व बैंक खाता खोलने का काम काफी धीमा है.
इसलिए विद्यार्थियों के हित को देखते हुए अविलंब पूर्ण ब्योरा उपलब्ध कराते हुए प्रखंडस्तर पर आधार के लिए कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया. आधार कार्ड व बैंक खाता खोलने के लिए अंतिम तिथि 30 जनवरी तक निर्धारित किया गया है. मध्याह्न भोजन कार्यक्रम का संचालन जिले के प्रत्येक विद्यालयों में नियमित रूप से करें. किसी भी सूरत में मध्याह्न भोजन बंद नहीं होना चाहिए. बैठक में विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी आदि उपस्थित थे.
