जसीडीह : साइबर ठगी के आरोपित की तलाश में हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को जसीडीह थाना क्षेत्र के जोगीडीह गांव में छापेमारी की. हालांकि पुलिस को आरोपित का सही ठिकाना नहीं मिला और पुलिस वापस लौट गयी. जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना अंतर्गत नेहरू मार्केट निवासी कर्म सिंह को साइबर अपराधियों ने झांसा दिया और फाेन पर खाता की जानकारी लेकर लगभग 40 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली.
इसकी छानबीन में हरियाणा पुलिस ने पाया कि पीड़ित को जिस नंबर से फोन किया गया था वह सिम जसीडीह थाना क्षेत्र के जोगीडीह गांव निवासी शिवानी देवी के नाम से निर्गत है. इसके बाद हरियाणा पुलिस के राजबीर सिंह व लल्लु राम ने जसीडीह पुलिस के सहयोग से गांव पहुंच कर छानबीन की. इस दौरान उक्त नाम की महिला नहीं होने के कारण पुलिस को वापस लौटना पड़ा.
