देवघर: शुरुआत में बारिश अच्छी होने की वजह से जिले भर में खरीफ फसल में धान व भदई मकई की खेती में तेजी आयी है. जिले भर में धान का बीज किसानों को सरकार से अनुदान पर समय पर मिले या न मिले, लेकिन सरकार के पास खाद का स्टॉक पर्याप्त है. धान का बिचड़ा डालने के दौरान डीएपी व एमओपी खाद का प्रयोग होता है, रोपनी के बाद यूरिया का प्रयोग किया जाता है.
देवघर जिले में 30 जून तक 10,285.35 मीट्रिक टन यूरिया, 4639.70 मीट्रिक टन डीएपी व 337.45 मीट्रिक टन एमओपी खाद सरकार के पास उपलब्ध है. जिले में खाद के चार अधिकृत थोक विक्रेता है. इसमें संदीप खाद भंडार(देवघर), पीके भोपालपुरिया(मधुपुर), जूपीटर(देवघर), एसएलजी(मधुपुर) व गुप्ता ट्रेडर्स (मोहनपुर) खाद के अधिकृत विक्रेता है. इन अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि विभाग से लाइसेंस प्राप्त खाद दुकानदार व पैक्स खाद का उठाव करेंगे व सरकारी पर निर्धारित खाद की बिक्री करेंगे.
क्या है सरकारी दर
जीएसटी लागू होने से पहले केंद्र सरकार से यूरिया 298 रुपये 50 किलो प्रति बोरी, डीएपी 1137 रुपया 50 किलो प्रति बोरी व एमओपी 575 रुपया 50 किलो प्रति बोरी दर निर्धारित है. देवघर जिले में लगभग 150 लाइसेंसी खुदरा खाद दुकान है. कई लाइेंस दुकान गांव-गांव तक खोली गयी है. इस दौरान खाद ट्रांसपोर्टिंग की वजह से कई जगह किसानों को किराये जोड़कर दर भी अधिक चुकाना पड़ता है.
