पालोजोरी: हरियाणा के गुड़गांव जिले के भौंड़सी थाना के हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल अनिल कुमार पालोजोरी थाना क्षेत्र के कुछ लोगों का पता सत्यापित करने पहुंची. हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दर्ज प्राथमिकी के आधार पर वे पालोजोरी, चितरा व बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कुछ लोगों का पता लगाने आये हैं.
उक्त पते पर नोटिस की तामिला भी कराया जायेगा. किस मामले में और किन अपराधियों की तलाश में पुलिस पहुंची है यह बताने से उन्होंने इनकार कर दिया.
थाना क्षेत्र के खागा, बिराजपुर, रघुवाडीह आदि जगह पुरी तरह से साइबर अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है. दूसरे प्रदेशों की पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए यहां आती रहती है. लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाने के कारण साइबर अपराधियों का मनोबल दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है. धंधे में संलिप्त युवक प्रत्येक दिन किसी न किसी के एटीएम से पिन चुरा कर उनके खाते से राशि की निकासी कर रहे हैं.
