क्राइम: झौसागढ़ी में बाइक का पंक्चर बनवाने के दौरान घटना, डिक्की से उड़ाये 2.99 लाख

देवघर: गुरुवार दिनदहाड़े नगर थाना क्षेत्र में मोहनपुर के बलथर गांव निवासी मवेशी व्यापारी मो शमीम की बाइक की डिक्की से बदमाशों ने 2,99,500 रुपये उड़ा लिये. घटना देवघर-दुमका मुख्य पथ पर गोशाला के समीप झौसागढ़ी में एक पंक्चर दुकान के सामने हुई. बताया जाता है कि शमीम अपने पार्टनर नूर आलम के साथ सुबह […]

देवघर: गुरुवार दिनदहाड़े नगर थाना क्षेत्र में मोहनपुर के बलथर गांव निवासी मवेशी व्यापारी मो शमीम की बाइक की डिक्की से बदमाशों ने 2,99,500 रुपये उड़ा लिये. घटना देवघर-दुमका मुख्य पथ पर गोशाला के समीप झौसागढ़ी में एक पंक्चर दुकान के सामने हुई. बताया जाता है कि शमीम अपने पार्टनर नूर आलम के साथ सुबह करीब 11 बजे एक्सिस बैंक की देवघर शाखा पहुंचा और अपने एकाउंट से उक्त रुपयों की निकासी कर थैले में रखा.
इसके बाद बैंक के नीचे अपनी बाइक की डिक्की में उसने रुपयों से भरा थैला डाल लिया और दोनों बाइक द्वारा घर के लिए चले. रास्ते में उसकी बाइक पंचर हो गयी. देवघर-दुमका मुख्य पथ गोशाला के समीप पंचर दुकान में रुककर दोनों बाइक का चक्का बनवाने लगे. इसी क्रम में शमीम चक्का देख रहा था और नूर आलम सामने की गुमटी में चाय पीने गया. इसी बीच एक बाइक आकर रुकी, जिससे दो युवक उतरे व उसकी बाइक की डिक्की के पास सट गये. उक्त बाइक का चालक हवा भराने लगा. इसके बाद वे लोग तुरंत आगे की तरफ निकल गये. उनलोगों के जाने के बाद शमीम की नजर अपने बाइक की डिक्की पर गयी.

डिक्की टूटा हुआ था और रुपयों से भरा थैला गायब था. शमीम ने मामले की सूचना तत्काल नगर थाना प्रभारी को मोबाइल पर दी. इसके बाद थाना प्रभारी अरविंद उपाध्याय के निर्देश पर नगर थाना गश्तीदल के साथ एएसआइ धनंजय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पड़ताल में जुट गये. मामले में शमीम ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. समाचार लिखे जाने तक नगर पुलिस को मामले में कुछ सुराग हाथ नहीं लग सका है. जानकारी हो कि फिर एक बार नगर थाना क्षेत्र में डिक्की से रुपया उड़ाने वाले गिरोह ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >