नवीन शर्मा की रिपोर्ट
Hemant Soren Youth Assurance: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधित किया. करीब 12 पन्नों के अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के साथ-साथ राज्य के छात्र-युवाओं के मुद्दे पर खास तौर पर जोर दिया. पिछले करीब तीन सप्ताह से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री का यह संबोधन खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
युवाओं की मेहनत और भविष्य की सुरक्षा का भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि झारखंड के लाखों युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनकी मेहनत जाया नहीं जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी माफिया, भ्रष्टाचार तंत्र या अनियमितता के भरोसे युवाओं के भविष्य को नहीं छोड़ा जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरे प्यारे युवा साथियों, हमारी विरासत हमें पहचान देती है और हमारे युवा उस पहचान को भविष्य देते हैं.” उन्होंने कहा कि वे स्वतंत्रता दिवस के इस ऐतिहासिक मंच से झारखंड के प्रत्येक विद्यार्थी को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि उनकी मेहनत को किसी माफिया, भ्रष्टाचार तंत्र या अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा.
JPSC-JSSC गड़बड़ी पर बोले CM
JPSC और JSSC की परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल दोषियों को पकड़ना ही समाधान नहीं है. असली समाधान ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें भविष्य में किसी भी युवा के सपनों के साथ खिलवाड़ न हो सके. मुख्यमंत्री ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए समयबद्ध परीक्षा वार्षिक कैलेंडर जारी करने, पारदर्शी व्यवस्था और तकनीकी रूप से सुरक्षित परीक्षा प्रणाली विकसित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में भी प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं सामने आई हैं और सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए युवाओं का भविष्य और उनका विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है.
युवाओं से बोले- सरकार पर विश्वास बनाए रखें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं से आग्रह किया कि वे सरकार पर विश्वास बनाए रखें. उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनका परिणाम व्यर्थ नहीं जाएगा. रोजगार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है. सरकार का उद्देश्य केवल रिक्त सरकारी पदों को भरना नहीं है, बल्कि ऐसा झारखंड तैयार करना है, जहां सरकारी सेवा के साथ-साथ उद्योग, कृषि, डेयरी, मत्स्य, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और नए अवसर पैदा हों.
JPSC-JSSC समेत अन्य नियुक्तियों को लेकर बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में JPSC, JSSC और अन्य भर्ती एजेंसियों के माध्यम से बड़ी संख्या में नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा. छात्र आंदोलन के बीच स्वतंत्रता दिवस के मंच से मुख्यमंत्री का यह संदेश सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच चल रहे गतिरोध के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब नजर इस बात पर होगी कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर किए गए इन वादों को किस तरह जमीन पर उतारती है.
यह भी पढ़ें : झारखंड के 5 'आदिवासी सूरमा' जिनसे कांपती थी ब्रिटिश हुकूमत, एक ने तो कलेक्टर को ही तीर से मारकर कर दिया था ढेर
ये भी पढ़ें: JPSC Scam: खियांग्ते ने की थी आयोग के कंप्यूटर से डेटा लेने की कोशिश, CID ने आवास से जब्त किए दस्तावेज
