चतरा : चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के आरसेल गांव निवासी मनोज यादव ने गांव के तीन लोगों पर पुराने जमीन विवाद को लेकर जान मारने की नीयत से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है. आरोपियों में राम यादव, संजय यादव और रंजय यादव शामिल हैं.
हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया
मनोज यादव ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह प्रतिदिन की तरह अपने मवेशियों को जंगल की ओर चरने के लिए छोड़कर घर लौट रहा था. इसी दौरान कुलगाड़ा मकई लगे खेत के पास घात लगाये बैठे तीनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और पुराने जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे. इसके बाद टांगी और लाठी से जान मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया. हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया.
आरोपियों ने गर्दन पर टांगी से किया वार
आरोप है कि आरोपियों ने उसकी गर्दन पर टांगी से वार किया. बचने के प्रयास में टांगी उसके हाथ में लगी, जिससे हाथ में गंभीर चोट आयी. घायल मनोज ने थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
