सिमरिया. प्रखंड के पगार पंचायत की दो सड़कों की स्थिति नारकीय बनी हुई है. इन सड़कों में पगार गांव स्थित नासिर मियां के घर से युगल साव के घर तक व खपिया गांव में दुलारचंद गंझू के घर से भोला साव के घर तक सड़क कीचड़ में तब्दील हो गयी है. लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार वाहनों के कीचड़ मेंं फंस जाने से लोगों को काफी परेशानी होती है. किसानों को साग-सब्जियां बाजार तक ले जाने में कठिनाई हो रही है. स्कूल व कॉलेज जानेवाले बच्चों को परेशानी होती है. मुखिया नीतीश कुमार सिंह उर्फ सिकू सिंह, पंसस परमेश्वर यादव ने कहा कि 15वें वित्त की राशि मिलती, तो सड़क की मरम्मति करायी जाती. राशि के अभाव में सड़क की मरम्मति का कार्य नहीं हो पा रहा है. पूर्व मुखिया शिवदयाल साहू, नासिर मियां, युगल साव, दुलारचंद गंझू, भोला साव, मेवा साव, अर्जुन साव, मो तस्लीम, मो हैदर अली, ईश्वरी यादव, मो अब्बास, नजामुद्दीन मियां समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क मरम्मति की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
