कार्रवाई. पुलिस ने गुप्त सूचना पर चलाया वाहन जांच अभियान चतरा. पत्थलगड्डा पुलिस ने सिरकोल जाने वाली सड़क मोड़ के पास छापामारी कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य की अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़कीटांड़ के खैरा गांव निवासी मनीष मुंडा (पिता पांडु मुंडा) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 2.567 किलोग्राम अफीम, एक बाइक तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है. मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग सिरकोल होते हुए अफीम की बिक्री के लिए गिद्धौर की ओर जा रहे हैं. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. उन्होंने बताया कि टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरकोल रोड मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया, जहां आरोपी को अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. इस संबंध में पत्थलगड्डा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसडीपीओ ने कहा कि मामले में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. छापामारी टीम में पत्थलगड्डा थाना प्रभारी राकेश कुमार, एसआई विजय कुमार, एएसआई प्रदीप कुमार सिंह समेत कई पुलिस जवान शामिल थे.
13 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने गुप्त सूचना पर चलाया वाहन जांच अभियान
