प्रसव पीड़ा में तड़पती रही महिला, नहीं मिला ममता वाहन

देवर ने बाइक से पहुंचाया अस्पताल, बारात में गया था ममता वाहन

देवर ने बाइक से पहुंचाया अस्पताल, : बारात में गया था ममता वाहन कुंदा. प्रखंड के टिकुलियाटांड़ गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आयी है. सुमन भारती की पत्नी संजू देवी को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो परिजनों ने तुरंत गांव की सहिया को सूचना दी. सहिया ने ममता वाहन उपलब्ध कराने के लिए वाहन मालिक से संपर्क किया, लेकिन जवाब मिला कि वाहन बारात में गया हुआ है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संजू देवी के देवर शिवम कुमार ने बिना देर किये उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया. वहां मौजूद एकमात्र एएनएम ने प्राथमिक जांच के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया. हालांकि, परिजन उन्हें सदर अस्पताल ले जाने के बजाय एक निजी क्लिनिक में ले गये, जहां संजू देवी ने एक बच्ची को जन्म दिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रखंड में दो ममता वाहन होने के बाद भी समय पर सेवा नहीं मिलती. साथ ही, पीएचसी में तैनात कई आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मी केवल उपस्थिति दर्ज कराकर चले जाते हैं, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है. शनिवार रात पीएचसी में सिर्फ एक एएनएम ही मौजूद थीं. इस मामले पर चिकित्सा प्रभारी डॉ कुमार संजीव ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करायी जायेगी और यदि लापरवाही पायी गयी, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. साथ ही, बिना ड्यूटी किये अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्यकर्मियों पर भी कार्रवाई की बात कही गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >