चतरा से मो० तसलीम की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा-इटखोरी मुख्य पथ स्थित तपेज के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार पिकअप वैन ने स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया. जिससे स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान शहर के लाइन मोहल्ला आजाद नगर स्थित मुफ्ती कॉलोनी निवासी मोहम्मद रेहान अफरीदी (19) पिता मो. इस्राफील के रूप में हुई.
हजारीबाग से लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रेहान हजारीबाग से स्कूटी से अपने घर चतरा लौट रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने स्कूटी को चपेट में ले लिया. जिसमें रेहान गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद लोगों ने तत्काल घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. हजारीबाग में इलाज के दौरान शनिवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गई.
लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
दुर्घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने पिकअप वैन और उसके चालक को पकड़ लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर पिकअप वैन और चालक को कब्जे में लेकर थाना ले आई. स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
परिवार और मोहल्ले में पसरा मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है. चतरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया. रेहान इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा में सफल हुए थे.
नप अध्यक्ष ने जताया दुख
नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई सदर अस्पताल पहुंचकर घटना पर गहरा दुख जताया और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर घायल युवक का सदर अस्पताल में ही समुचित इलाज किया जाता, तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी. दुर्घटना के बाद युवक को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सिर्फ प्राथमिक उपचार करते हुए बैंडेज कर उसे हजारीबाग रेफर कर दिया. उन्होंने कहा कि अगर सदर अस्पताल की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: जनता लाइन में और पूंजीपति फायदे में, JMM महासचिव विनादे पांडेय ने भाजपा पर बोला हमला
यह भी पढ़ें: Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी
