प्रतापपुर से विहारी कुमार और मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड में चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की खेप को जब्त किया है. इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर चला अभियान
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापपुर क्षेत्र के रास्ते अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध वाहनों की तलाशी शुरू की. इसी दौरान एक सवारी वाहन को रोका गया.
स्वास्थ्य उपकेंद्र के पास पकड़ी गई गाड़ी
कौरा चौक से लगभग 200 मीटर पीछे स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र के पास पुलिस ने एक सवारी वाहन को रोका. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बियर बरामद हुई. पुलिस ने तुरंत वाहन को जब्त कर लिया और दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया.
विभिन्न ब्रांड की शराब और बियर बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने कई नामी ब्रांड की शराब और बियर जब्त की. इसमें आइकॉनिक व्हाइट, स्टर्लिंग रिजर्व, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टेज और किंगफिशर जैसी ब्रांड शामिल हैं. कुल मिलाकर सैकड़ों पीस शराब और बियर की बोतलें बरामद की गईं, जो बिहार में खपाने के लिए ले जाई जा रही थीं.
बिहार भेजने की थी तैयारी
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि तस्कर इस अवैध शराब को बिहार में बेचने की योजना बना रहे थे. बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां इस तरह की अवैध तस्करी की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं. पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है.
बीएनएस और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके.
इसे भी पढ़ें: मांडू विधायक निर्मल महतो का आरोप, रामगढ़ नगर उपाध्यक्ष पर दर्ज कराया रंगदारी मांगने का मामला
छापेमारी टीम की अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी के नेतृत्व में एएसआई मोहन तिर्की और अन्य पुलिस जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: कुंदा में गरीब किसान का 350 बोझा अरहर जलकर राख, आपसी रंजिश में जला दी साल भर की मेहनत
