ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सोमवार को जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) का शुभारंभ किया गया
चतरा. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सोमवार को जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) का शुभारंभ किया गया. इस यूनिट का उदघाटन राज्यसभा सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने किया. यह मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रादन फाउंडेशन हजारीबाग द्वारा संचालित की जायेगी. संस्था के सचिव चंद्रशेखर कुमार व कोषाध्यक्ष चंपा देवी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह परियोजना ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सिमरिया प्रखंड में विशेष रूप से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. इसका मुख्य उद्देश्य उन मरीजों तक इलाज पहुंचाना है, जो बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते, खासकर आदिवासी व पिछड़े समुदायों के लोगो का. मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क डॉक्टर परामर्श, रक्त जांच च दवाइयों का वितरण किया जायेगा. मौके पर मेघनाथ साहू, अरविंद कुमार, प्रेम कुमार, कुलदीप साहू, नगेंद्र प्रसाद, अमित राज, प्रदीप साहू, दिनेश गुप्ता और दीपांचल साहू सहित अन्य उपस्थित थे.