: शादी समारोह से बाइक से लौट रहे थे युवक हंटरगंज. प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर स्थित खगड़वाटांड़ जंगल में गुरुवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में बलूरी पंचायत के दुंदु गांव निवासी कल्लू कुमार, गेरुआ पंचायत के बड़ी बिग्घा गांव के छोटू कुमार तथा डाहा पंचायत के सतघरवा गांव के दीपक कुमार शामिल हैं. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. डॉक्टरों ने कल्लू कुमार और छोटू कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. बताया जाता है कि तीनों युवक दुंदु गांव में तुलसी भुईयां के घर आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. इसी दिन एक अन्य सड़क दुर्घटना मदरसा के समीप घटी. यहां आइसक्रीम बेच रहे एक युवक को पानी का जार लदे एक टेंपो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान नवाडीह गांव निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है. उसे भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
अलग-अलग सड़क हादसे में चार लोग घायल, तीन रेफर
शादी समारोह से बाइक से लौट रहे थे युवक
