चतरा. व्यवहार न्यायालय के आदेश पर दखल-देहानी कराने पहुंची प्रशासनिक व पुलिस टीम के समक्ष पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. हंटरगंज अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट रितिक कुमार के आवेदन पर रीना देवी, उनके पुत्र धीरज कुमार समेत 8-10 अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 371/26 के तहत सरकारी आदेश का अवहेलना, सरकारी कार्य को बाधा उत्पन्न, आगजनी करना, आत्महत्या का प्रयास कर धमकी देना समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
मौके पर तैनात पुलिसकर्मी व न्यायालय कर्मी भी झुलसे थे
सीओ ने आवेदन में आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने के दौरान आरोपितों ने शांति व्यवस्था भंग करते हुए टीम के साथ गाली-गलौज की. इसी दौरान रीना देवी ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. उन्हें बचाने के प्रयास में मौके पर तैनात पुलिसकर्मी व न्यायालय कर्मी भी झुलस गये. बताया गया कि व्यवहार न्यायालय के सब-जज द्वितीय के आदेश पर केस संख्या 13/2017 में जारी दखल-देहानी आदेश के अनुपालन के लिए प्रशासनिक व पुलिस टीम पहुंची थी.
मकान को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
मौके पर न्यायालय के नाजिर, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस बल व महिला पुलिसकर्मी मौजूद थे. संबंधित मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. न्यायालय के आदेश के बाद मकान की डिग्री विजय जायसवाल के पक्ष में हुई थी. थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि सीओ के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: झुमरीतिलैया में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, सड़क-फुटपाथ से हटाये गये कब्जे
