मौसम का बदला मिजाज, लोगों को गर्मी से मिली राहत चतरा. शहर में गुरुवार की दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदली. देखते ही देखते आसमान में अंधेरा छा गया और तेज हवा चलने लगी. इसके बाद जिले के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई. आंधी के कारण कई पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गयीं. समाहरणालय के पास एक कार पर पेड़ की डाली गिर गयी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से डाली को हटाया गया. जिले में पिछले दो दिनों से मौसम बदला हुआ है. आंधी के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है. बताया जा रहा है कि बिजली के तारों पर पेड़ की डालियां गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है. जिले के कई प्रखंडों में दो दिनों से बिजली ठप है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एक ओर बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, तो दूसरी ओर बिजली कटौती ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बारिश के कारण कई जगहों पर सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गयी है. कई मुहल्लों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा. जिले के अन्य प्रखंडों में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई. बारिश से फसलों को लाभ मिलने की भी संभावना जतायी जा रही है.
आंधी-बारिश से शहर में अंधेरा, पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त
मौसम का बदला मिजाज, लोगों को गर्मी से मिली राहत
