चतरा से दीनबंधू और मो तसलीम की रिपोर्ट
Chatra News: चतरा नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड संख्या 18 के पार्षद प्रेमचंद साव विजयी घोषित किए गए. चुनाव में उन्हें कुल 13 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी वार्ड संख्या 11 की पार्षद वेदवती जायसवाल को 9 वोट मिले. मतगणना के बाद प्रेमचंद साव को बहुमत मिलने पर विजयी घोषित किया गया. हालांकि इस परिणाम की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी बताई जा रही है.
दो प्रत्याशियों के बीच हुआ सीधा मुकाबला
जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए केवल दो ही प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. इसमें वार्ड संख्या 18 के पार्षद प्रेमचंद साव और वार्ड संख्या 11 की पार्षद वेदवती जायसवाल शामिल थीं. दोनों के बीच सीधा मुकाबला हुआ. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतों की गिनती की गई, जिसमें प्रेमचंद साव को स्पष्ट बहुमत मिला और वे चुनाव जीतने में सफल रहे.
अध्यक्ष और पार्षदों ने पहले ली शपथ
उपाध्यक्ष पद के चुनाव से पहले नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई और सभी 22 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. शपथ ग्रहण के बाद ही उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू कराई गई. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई.
इसे भी पढ़ें: आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार ने शपथ ग्रहण किया, कोल्हान उपायुक्त ने दिलाई शपथ
मतदान के बाद हुई मतगणना
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना कराई गई. गिनती में प्रेमचंद साव को 13 वोट मिले, जबकि वेदवती जायसवाल को 8 वोट प्राप्त हुए. एक वोट रद्द हो गया. इस तरह प्रेमचंद साव को बहुमत मिलने पर उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया. चुनाव परिणाम के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया.
इसे भी पढ़ें: विश्रामपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने लिया शपथ, मिला प्रमाण पत्र
