Chatra News: ऑनलाइन फार्मेसी और दवाओं पर भारी छूट के विरोध में केमिस्ट और ड्रगिस्ट संगठनों द्वारा आहूत देशव्यापी बंद का असर आज 20 मई बुधवार को चतरा जिले में भी देखने को मिला. बंद के समर्थन में जिले भर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद है ,जिससे दवा खरीदने पहुंचे मरीजों और परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बताया गया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर यह बंद किया गया.
भारी छूट और नियमों की अनदेखी का लगाया आरोप
दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑनलाइन दवा कंपनियां नियमों की अनदेखी कर भारी छूट देकर दवा बेच रही हैं, जिससे छोटे मेडिकल स्टोरों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और मरीजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है. कहा कि बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री, नकली और एक्सपायरी दवाओं का खतरा बढ़ा रही है. इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 30 से 60 प्रतिशत तक की छूट देने से स्थानीय मेडिकल दुकानदारों का व्यवसाय ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है.
सख्त नीति नहीं बनी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यदि सरकार जल्द ठोस नीति बनाकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू नहीं करती है, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा. मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण कई मरीजों को आवश्यक दवाएं नहीं मिल सकीं. हालांकि कुछ इमरजेंसी सेवाओं के तहत अस्पताल परिसर स्थित चुनिंदा दुकानों को आंशिक रूप से खुला रखा गया, जिससे गंभीर मरीजों को परेशानी न हो.
ऑफलाइन दुकानदारों के हितों की रक्षा की मांग
दवा विक्रेताओं ने सरकार से मांग की है कि ऑनलाइन फार्मेसी पर नियंत्रण के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए, दवा बिक्री में समान नियम लागू किए जाएं और ऑफलाइन दुकानदारों के हितों की रक्षा की जाए.
यह भी पढ़ें: Ranchi: कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
यह भी पढ़ें: Ranchi: नियुक्ति के बाद भी स्टेट बार काउंसिल को देना होगा एडवोकेट का एनरोलमेंट सर्टिफिकेट
