चतरा से मो तसलीम की रिपोर्ट
LPG Cylinder Crisis: झारखंड के चतरा में घरेलू रसोई गैस की किल्लत से लोग परेशान हो गए हैं. गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को बंशीधर इंडेन गैस एजेंसी के मालिक के घर का घेराव कर दिया. बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने खाली गैस सिलेंडर लेकर टीओपी नंबर वन के पास स्थित संचालक के घर पहुंच गए और गैस उपलब्ध कराने की मांग करने लगे. उपभोक्ताओं का कहना था कि कई दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोग खाना बनाने तक के लिए परेशान हो गए हैं और बार-बार एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है.
सड़क पर लगा जाम, आधे घंटे तक बाधित रहा आवागमन
उपभोक्ताओं के खाली सिलेंडर के साथ बड़ी संख्या में पहुंचने के कारण इलाके में सड़क जाम की स्थिति बन गई. सड़क पर सिलेंडर रखकर लोगों ने विरोध जताया, जिससे करीब आधे घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा. इस दौरान कई यात्री बसें और अन्य वाहन जाम में फंस गए. राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई और कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कई दिनों से नहीं मिल रही गैस, बढ़ी परेशानी
गुस्साए उपभोक्ताओं ने बताया कि बंशीधर इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को पिछले तीन दिनों से गैस नहीं मिल रही है. कई लोगों ने सात से दस दिन पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है. गैस की कमी के कारण लोगों को घरों में खाना बनाने में दिक्कत हो रही है. कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में खून की कमी, दर-दर भटक रहे मरीजों के परिजन
एजेंसी मालिक के परिजनों ने दिया आश्वासन
विरोध के दौरान एजेंसी मालिक के घर से एक सदस्य बाहर आए और उपभोक्ताओं से बातचीत की. उन्होंने बताया कि एजेंसी मालिक घर पर मौजूद नहीं हैं. साथ ही उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि रविवार को गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी. परिजनों के इस आश्वासन के बाद उपभोक्ताओं ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और सड़क से जाम हटा लिया. इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई और सड़क पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया. हालांकि, उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो वे फिर से विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में होमगार्ड बहाली की डेट जारी, चतरा जिले में 28 मार्च से 18 अप्रैल तक परीक्षा
