चतरा बस स्टैंड कीचड़ में तब्दील, स्थिति नारकीय

जिले के एकमात्र सरकारी बस स्टैंड का हाल बेहाल है.

चतरा. जिले के एकमात्र सरकारी बस स्टैंड का हाल बेहाल है. लगातार हो रही बारिश के कारण बस स्टैंड पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गया है. इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बस स्टैंड के कई जगहों पर जल-जमाव हो गया है. यात्रियों को बस पर चढ़ने व उतरने के दौरान कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों के साथ-साथ बस चालक व कर्मियों को भी परेशानी हो रही है. नगर परिषद की ओर से हर साल बस स्टैंड टेंडर कर लाखों रुपये की वसूली करता है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ नहीं मिलता. यात्रियों को बैठने तक की व्यवस्था नहीं है. पानी में भींग कर बसों का इंतजार करना पड़ता है. दुकानों व गुमटियों के पास खड़ा होकर पानी से बचाव करते यात्री देखे जा रहे हैं. शौचालय की भी सुविधा नहीं है. यात्रियों को खुले में शौच करना पड़ रहा है. बस स्टैंड में चार साल पूर्व विश्रामागार बनाया जा रहा था, जिसका निर्माण कार्य अधूरा है. संवेदक ने भुगतान नहीं होने की बात कह कार्य बंद कर दिया है. यहां से झारखंड, बिहार, ओड़िशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, यूपी के कई शहरों के लिए बसें खुलती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANUJ SINGH

ANUJ SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >