चतरा. सदर थाना में दारोगा दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ नाबालिग बालिका से घरेलू काम कराने, मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. मामला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष नर्मदेश्वर सिंह के आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया है.
महिला थाना प्रभारी और पति पर आरोप
मामले में निवर्तमान महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज, सदर थाना में पदस्थापित उनके पति एसआइ टीपू अंसारी और एक अन्य व्यक्ति शहीद को आरोपी बनाया गया है. शिकायत मिलने के बाद सीडब्ल्यूसी ने नाबालिग बालिका को संरक्षण में लेकर पकरिया स्थित बालिका आश्रय गृह में रखा है.
जांच के बाद दारोगा दंपती निलंबित
मामले में पूर्व में एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने जांच की थी. जांच रिपोर्ट के बाद महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज और एसआइ टीपू अंसारी को निलंबित किया जा चुका है.
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
