: एक इंजेक्शन लगाते ही युवक हो गया बेहोश जोरी. वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर झोलाछाप के चक्कर में सोमवार को एक युवक की जान ली गयी. मृतक की पहचान जोल्डीहा पंचायत के मंझगांवा गांव निवासी विनोद सिंह (35) के रूप में की गयी. इस संबंध में मृतक के पिता सुरेश सिंह ने थाना में झोलाछाप शिवशंकर ठाकुर के खिलाफ आवेदन दिया है. बताया कि सोमवार को विनोद घर के बाहर बैठा था. इस बीच झोलाछाप वहां आये और विनोद को गुमशुम बैठा देखा कारण पूछा. विनोद ने बताया कि थकान महसूस हो रही है. इस पर झोलाछाप ने ब्लड सैंपल लेकर जांच कराया, जिसमें टाइफाइड होने की बात कही. इसके बाद दो इंजेक्शन लगाया. इंजेक्शन लगते ही विनोद बेहोश हो गया और झाग निकलने लगा. यह देख फिर दो इंजेक्शन लगाया और इसे गया ले जाने की बात कही. परिजन गया के एक निजी अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दौरान झोलाछाप परिजनों को चकमा देकर फरार हो गया. सोमवार की देर रात शव गांव लाया गया. मंगलवार की अहले सुबह इसकी सूचना पुलिस को मिली, तब वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, लेकिन वहां फोरेंसिक टीम नहीं होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया. घटना के बाद झोलाछाप दंतार स्थित क्लिनिक बंद कर फरार हो गया.
झोलाछाप के चक्कर में युवक की गयी जान
इंजेक्शन लगाते ही युवक हो गया बेहोश
