नगरपालिक की साफ-सफाई की पोल खुली, सड़कों पर आया नाली का कचरा
काली मंदिर से मुख्य डाकघर तक की सड़क पर कई जगह गड्ढे में जमा पानी
चतरा : मॉनसून की पहली बारिश शुक्रवार की शाम से शुरू हुई. शनिवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है. बारिश से एक ओर जहां शहरवासियों को गर्मी से निजात मिली, वहीं दूसरी ओर नगरपालिका की पोल खुल गयी है. बारिश के पानी से नाली का कचरा सड़क पर आ गया है. इससे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है.
समय-समय पर नाली की साफ-सफाई नहीं होने के कारण कचरा जमा हो जाता है. बरसात के पानी से कचरा सड़क पर आ गया है. कचरा व दुर्गंध के कारण लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है.
शहर के काली मंदिर से लेकर मुख्य डाकघर तक सड़क में कई जगहों पर गड्ढा होने के कारण पानी जम गया है. छोटे-बड़े वाहनों को आने जाने में परेशानी हो रही है. इस पथ से हर रोज सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं.
शाम सात बजे से कोयला लदा वाहन चलना शुरू होता है. दिन-प्रतिदिन सड़क की स्थिति खराब होते जा रही है. इस पथ से हर रोज डीडीसी, एसडीओ, एसडीपीओ, डीएसपी समेत कई विभाग के कार्यपालक अभियंता आते जाते हैं. इसके बाद भी इस ओर किसी का ध्यान नहीं है. दो वर्ष पूर्व सिंह कंस्ट्रक्शन द्वारा नया पेट्रोल पंप से लेकर केशरी चौक होते हुए गुदरी बाजार बड़ा मंदिर तक सड़क का निर्माण किया गया था. इसके बाद से कुछ दूर तक एक तरफ की सड़क बन गयी है. अव्वल मुहल्ला से लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा तक सड़क नहीं बनायी गयी है. दिन-प्रतिदिन सड़क गड्ढे में तब्दील हो रही है. इससे आये दिन छोटी-बड़ी दुर्घटना होती रहती है.
मंडल कारा से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है. जिससे उक्त पथ पर रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. उक्त पथ में नाली नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर ही बहता रहता है. उक्त मुहल्ले के लोगों ने कई बार इसकी शिकायत उपायुक्त से कर नाली का निर्माण कराने की मांग की है.
