Chaibasa News : चेंबर के स्वर्णिम इतिहास को कलंकित करने वालों को माफ नहीं करेंगे : अनूप

चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नयी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हुआ.

चाईबासा.

चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नयी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हुआ. चाईबासा में टाटा रोड स्थित सनसाइन होटल में आयोजन हुआ. सत्र 2025-27 के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी. अध्यक्ष अनूप सुल्तानियां ने कहा कि चेंबर व्यापारियों के हित में काम करेगा. आनेवाले वर्ष में चाईबासा चेंबर 170 सदस्य बनायेगा. कुछ लोगों ने चाईबासा चेंबर के स्वर्णिम इतिहास को कलंकित करने का काम किया है. उन्हें चेंबर कभी माफ नहीं करेगा.

प्रमाण पत्र, पहचान पत्र व चेंबर के संविधान की प्रति दी गयी

समारोह के मुख्य अतिथि चाईबासा चेंबर के पूर्व अध्यक्ष विमल सर्राफ और विशिष्ट अतिथि एफजेसीसीआइ के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विकास चंद्र मिश्रा को स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया. अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. अतिथियों ने चाईबासा चेंबर के सभी पदाधिकारी व सदस्यों को माला पहनाकर स्वागत किया. उन्हें चेंबर का प्रमाण पत्र, पहचान पत्र व चेंबर के संविधान की प्रति प्रदान की गयी. विशिष्ट अतिथि ने कहा कि चाईबासा चेंबर को जहां मेरी जरूरत पड़ेगी, मैं हर संभव सहयोग के लिए आगे आउंगा.

50 लाख रुपये हड़पने की नीयत रखने वालों को जवाब मिलेगा

चेंबर के अध्यक्ष अनूप कुमार सुल्तानियां ने कहा कि 26 जनवरी, 2001 को हमलोगों ने चाईबासा चेंबर की स्थापना की थी. पहले भी चाईबासा चेंबर हमारा था, आज भी है और आगे भी रहेगा. किसी में दम नहीं है कि संस्था को हमसे छिन सके. जिन्हें लगता है हमारी सदस्यता समाप्त कर चेंबर के 50 लाख रुपये हड़प लेंगे, उन्हें माकूल जवाब दिया जायेगा. इससे ज्यादा नीच हरकत क्या होगी कि संस्था पर अवैध कब्जा जमाने की नीयत से अंतिम कार्यसमिति ने संस्थापक समेत चार संस्थापक सदस्यों को निकलने का निर्णय लेकर सार्वजनिक किया.

अध्यक्ष अनूप ने शपथ लेकर दूसरों को भी दिलायी

चाईबासा चेंबर के संस्थापक व ट्रस्ट-2021 के मुख्य ट्रस्टी अनूप कुमार सुल्तानियां ने अध्यक्ष पद व गोपनीयता की शपथ ली. इसके बाद अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष जयप्रकाश मुंधड़ा, सुनील दोदराजका, सचिव दीपक शर्मा, संयुक्त सचिव विमान कुमार पाल व चक्रधरपुर के मनोज जिंदल और कोषाध्यक्ष जितेंद्र मधेशिया को शपथ दिलायी. कार्यकारिणी सदस्यों में चाईबासा चेंबर के प्रथम अध्यक्ष विमल सर्राफ, प्रदीप कुमार सिंह, संजय दोदराजका, गोपेश प्रधान, दिलीप शर्मा, मनीष कुमार सिंह, आशीष पांडे, श्याम सुंदर मोहता, निकेश सिंघनिया, रितेश कुमार उर्फ पिंटू को शपथ दिलायी गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >