चक्रधरपुर: उत्कल एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 से आरपीएफ ने करीब आठ किलो गांजा बरामद किया है. जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बतायी जा रही है. आरपीएफ ने गांजा को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया है.
जानकारी के अनुसार उत्कल एक्सप्रेस में ड्यूटी पर तैनात टीटीइ को कोच बी-2 में एक ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. इसकी सूचना उन्होंने आरपीएफ को दी. ट्रेन के चक्रधरपुर पहुंचते ही आरपीएफ टीम ने संबंधित कोच में जांच अभियान चलाया. ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर नौ पैकेट मिले. सभी पैकेट पूरी तरह पैक थे. जांच के बाद पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई. गांजा तस्कर का कोई सुराग नहीं मिल सका.
