Chaibasa News : प्रताप क्रिकेट ने टाउन क्लब को पांच विकेट से हराया

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शुरू हुए 32वीं एसआर रुंगटा बी-डिवीजन लीग

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शुरू हुए 32वीं एसआर रुंगटा बी-डिवीजन लीग के उद्घाटन मैच में प्रताप क्रिकेट क्लब ने टाउन क्लब को एकतरफा मुकाबले में पांच विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए. बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम पर गुरुवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टाउन क्लब चाईबासा की पूरी टीम 26.4 ओवर में 156 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. हालांकि, टीम के पांच विकेट मात्र 66 रन के स्कोर पर ही गिर गये. वहीं छठे विकेट के लिए प्रभात बोयपाई तथा प्रणय कुमार ने 52 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को संकट से उबारा. प्रभात बोयपाई ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 43 रन, कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल ने पांच चौके एवं एक छक्का की मदद से 31 रन तथा प्रणय कुमार ने दो चौके एवं एक छक्का की मदद से 23 रन बनाये. प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुधांशु पाल ने 21 रन देकर तीन विकेट, प्रतीक अग्रवाल ने 34 रन देकर तीन विकेट हासिल किये. जबकि अनीश कुमार दास एवं रौशन कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किए.

21.1 ओवर में जीत के लक्ष्य को हासिल किया:

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब ने 21.1 ओवर में पांच विकेट के नुकसान 157 रन बनाकर मैच जीत लिया. हालांकि, प्रताप क्रिकेट क्लब के तीन विकेट 47 रन के स्कोर पर ही गिर गये थे, परंतु चौथे विकेट के लिए क्रिस अग्रवाल एवं धर्मेंद्र यादव ने 94 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर जीत दिलायी. क्रिस अग्रवाल ने दो चौके एवं चार छक्के की मदद से 52 रनों की बेहतरीन पारी खेली तथा अंत तक आउट नहीं हुए. जबकि धर्मेंद्र यादव ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 50 रन बनाकर आउट हो गये. पारी की शुरुआत करने आये पंकज सिंह ने भी 29 रनों की उपयोगी पारी खेली. पारस नंदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर चार विकेट, जबकि हितेश वैद्य ने एक विकेट हासिल किये.

प्रशिक्षु आइएएस ने किया मैच का उद्घाटन

मैच का विधिवत उद्घाटन प्रशिक्षु आइएएस सह सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार ने की. जिला क्रिकेट संघ के झंडोत्तोलन के बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल भावना व विपक्षी खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए खेलने की सलाह दी. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि खेल के दरम्यान ऐसा कोई कार्य न करें जिससे आपको बाद में पछताना पड़े.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >