जैंतगढ़. मयूरभंज जिले के घागरबेड़ा थाना इलाके के जेबासाही गांव में शुक्रवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. गांव के जेबा मुंडा के 3 साल के बेटे की नदी में डूबने से मौत हो गयी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है.
मिली जानकारी के अनुसार जेबा मुंडा का घर नदी किनारे स्थित है. शाम के साढ़े पांच बजे बचा खेलता हुआ नदी किनारे पहुंच गया. बारिश होने के कारण घाट में काफी फिसलन था. तीन वर्षीय बच्चा फिसलता हुआ नदी में समा गया. उस समय खेती के काम से लौटे कुछ ग्रामीण भी घाट पर हाथ पैर धोने या स्नान करने पहुंचे. उन्होंने बच्चे को पानी में डूबता देखा,इसकी खबर उसके पिता जेबा मुंडा को दी गयी. परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से बच्चे को बाहर निकाला और उसे लेकर चंपुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही गागर बेड़ा थाना से पुलिस की टीम चंपुआ अस्पताल पहुंची. घटना स्थल का निरीक्षण कर आगे की करवाई शुरू कर दी. परिजन बच्चे की उम्र काफी कम होने के कारण पोस्ट मार्टम करने से मना कर रहे थे. काफी समय तक विवाद चलता रहा. फिर पुलिस और डॉक्टरों के जाने के बाद देर रात पोस्ट मार्टम कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है.
