Chaibasa News : असम में चक्रधरपुर की टीम का जलवा, क्वार्टर फाइनल में पहुंची

डीएमएसएफ चक्रधरपुर की टीम ने एक बार फिर साबित कर दी है कि मेहनत, एकजुटता और खेल भावना से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.

चक्रधरपुर.

डीएमएसएफ चक्रधरपुर की टीम ने एक बार फिर साबित कर दी है कि मेहनत, एकजुटता और खेल भावना से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. डुरस फुटबॉल एसोसिएशन मटेलली असम द्वारा आयोजित बीर बिरसा मुंडा एंड आदि कवि भानुभक्त आचार्या नॉक आउट फुटबॉल प्रतियोगिता के प्री-क्वार्टर मुकाबले में डीएमएसएफ ने असम की प्रतिष्ठित टीम बारदवानी सिल्का क्लब, कछुगाओ को 3–0 के बड़े अंतर से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. मैच की शुरुआत से ही डीएमएसएफ के खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई. खेल के शुरुआती मिनटों में ही नाइजीरियन खिलाड़ी पीकोम ने धारदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी डिफेंस को भेदकर पहला गोल दाग दिया. इस गोल से टीम का आत्मविश्वास दोगुना हो गया.

दूसरे हाफ में मो कैफ ने शानदार मूव बनाते हुए विपक्षी गोलकीपर को छकाकर दूसरा गोल किया. इसके बाद सिल्का क्लब ने वापसी की कोशिश की, पर डीएमएसएफ के डिफेंस लाइन और गोलकीपर ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए विपक्षी को कोई मौका नहीं दिया. अंतिम चरण में शाहिद खान ने निर्णायक तीसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी. उनके गोल के बाद मैदान पर दर्शकों में जोरदार उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी.

मैन ऑफ द मैच बने पीकोम

पूरे मैच में अपनी फुर्ती, शानदार पासिंग और गोल करने की क्षमता के लिए पीकोम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. उन्होंने खेल के हर मौके पर विरोधियों को कड़ी चुनौती दी और अपनी टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई. मैच के बाद टीम के कोच मोहम्मद इकबाल खान ने बताया कि खिलाड़ियों ने जिस अनुशासन और टीम स्पिरिट के साथ खेल दिखाया, वह काबिले-तारीफ है. उन्होंने कहा कि इस जीत ने खिलाड़ियों का मनोबल और ऊंचा कर दिया है. कोच ने विश्वास जताया कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखेगी.

अगला मुकाबला

डीएमएसएफ चक्रधरपुर अब क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुका है. अगला मुकाबला 16 सितंबर को असम की मजबूत टीम वाइएसएल दक्षिण धूपजोड़ा से होगा. इस मैच को लेकर खिलाड़ियों और प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है. स्थानीय फुटबॉल प्रेमियों का कहना है कि डीएमएसएफ ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे टीम के फाइनल तक पहुंचने की संभावना काफी मजबूत है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >