तीन दिन बाद कारो नदी के बीच चट्टान में फंसे छात्र का शव बरामद

गुवा के कारो नदी में लापता 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार का शव तीन दिन बाद चट्टान में फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गुवा : गुवा थाना क्षेत्र से रविवार को लापता हुए 13 वर्षीय छात्र पवन कुमार पान का शव मंगलवार को तीन दिन बाद नुईया गांव स्थित कारो नदी के बीच से बरामद किया गया. छात्र के नदी में डूबने की आशंका को लेकर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. मंगलवार को नदी के बीच एक चट्टान के पास छात्र का शव फंसा मिला. इसके बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर उसे नदी से बाहर निकाला.

सूचना पर नदी तट पहुंच गयी थी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गुवा पुलिस की टीम नुईया गांव स्थित कारो नदी के तट पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया. लगातार बारिश के कारण कारो नदी उफान पर है. इससे खोज अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. ज्ञात हो कि पवन कुमार पान गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र था.

ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था

रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था. इसके बाद वह भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा. खेलते समय पवन ने दोनों दोस्तों से नदी की ओर चलने को कहा, लेकिन दोनों ने मना कर दिया. इसके बाद वह अकेले नदी की ओर चला गया. नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने पैंट और चप्पल उतार दिए. दोस्तों ने उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन वह उनके साथ नहीं आया. कुछ देर बाद दोनों दोस्त लौटने लगे. पीछे मुड़कर देखने पर पवन वहां नहीं था.

दोस्तों ने दी थी घटना की जानकारी

इसके बाद दोस्तों ने बस्ती पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी. सोमवार और मंगलवार को पुलिस प्रशासन तथा ग्रामीणों ने नदी में लगातार खोजबीन की. मंगलवार को नदी के बीच चट्टान के पास छात्र का शव फंसा हुआ मिला. शव बरामद होने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनती नदियों में नहाने और मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sandip K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >