चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के साउथ वेस्ट इंस्टिट्यूट में इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास रहा. 16 साल बाद हुए चुनाव के बाद पहली बार नई संचालन कमेटी ने यहां तिरंगा फहराया. समारोह में रेलवे अधिकारियों, मेंस यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान रेलवे के विकास और कर्मचारियों के कर्तव्यों को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया गया.
मंडल अभियंता स्पर्श भारद्वाज ने फहराया तिरंगा
शनिवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में साउथ वेस्ट इंस्टीच्यूट के अध्यक्ष और मंडल अभियंता (केंद्रीय) स्पर्श भारद्वाज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. तिरंगे को सलामी देने के बाद उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.
16 साल बाद हुए चुनाव के बाद पहली बार आयोजित हुआ समारोह
साउथ वेस्ट इंस्टीच्यूट में 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद संचालन कमेटी का चुनाव संपन्न हुआ था. चुनाव में मेंस यूनियन समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी. नई कमेटी के गठन के बाद यह पहला अवसर था, जब स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन नई टीम के नेतृत्व में किया गया. समारोह को संबोधित करते हुए स्पर्श भारद्वाज ने रेलवे के विकास में कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति कर्मचारियों की ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है. उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार रहने की अपील की.
समारोह में बड़ी संख्या में शामिल हुए अधिकारी और कर्मचारी
कार्यक्रम में मेंस यूनियन के मंडल संयोजक एमके सिंह, संजय पाठक, रामाशंकर साहू, नई संचालन कमेटी के सचिव श्याम मुखी समेत कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. समारोह के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. नई संचालन कमेटी के गठन के बाद कर्मचारियों को संस्थान के बेहतर संचालन और नई पहल की उम्मीद है. स्वतंत्रता दिवस समारोह ने कर्मचारियों के बीच एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया.
