चक्रधरपुर. 29वीं स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में रविवार को रोमांच, संघर्ष और उतार-चढ़ाव से भरा मुकाबला देखने को मिला. देवेंद्र माझी स्पोट् र्स फाउंडेशन (डीएमएसएफ) चक्रधरपुर ने गढ़वाल एससी देहरादून को टाइब्रेकर में 5-3 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
शुरुआत से आक्रामक खेल, मध्यांतर तक स्कोर 1-1
सेरसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में खेला गया मैच दर्शकों के लिए मनोरंजक साबित हुआ. पहले हाफ में 33वें मिनट पर देहरादून के शार्दुल गोसाई ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी. 40वें मिनट में डीएमएसएफ को मिली पेनाल्टी का फायदा उठाते हुए जयपाल सिरका ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया. मध्यांतर तक स्कोर 1-1 रहा.
दूसरे हाफ में डीएमएसएफ की हावी रणनीति
दूसरे हाफ में चक्रधरपुर की टीम ने पूरी तरह मैच पर दबाव बनाया और लगातार आक्रमण किया. हालांकि अंतिम क्षणों में गोल नहीं हो सका. मैच के दौरान खेल की तीव्रता बढ़ गयी और दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर किया गया. इसके बाद मुकाबला 10-10 खिलाड़ियों के बीच खेला गया.
अतिरिक्त समय और टाइब्रेकर में निर्णायक जीत
निर्धारित समय और 20 मिनट के अतिरिक्त समय में स्कोर 1-1 बना रहा. अंततः टाइब्रेकर में डीएमएसएफ चक्रधरपुर ने बेहतर संयम और कौशल का प्रदर्शन करते हुए 4 गोल किए, जबकि गढ़वाल एससी केवल 2 गोल ही कर सकी. इस प्रकार चक्रधरपुर ने 5-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया. मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शार्दुल गोसाई को मैन ऑफ द मैच चुना गया. उन्हें यह पुरस्कार विधायक जगत माझी और मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया के हाथों प्रदान किया गया.
दूसरा सेमीफाइनल आज
प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला टाटा मोटर्स जमशेदपुर और बीएसएफ जालंधर के बीच सोमवार को खेला जाएगा. इसके विजेता से फाइनल में डीएमएसएफ चक्रधरपुर की भिड़ंत होगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.