तांतनगर: तांतनगर के रोलाडीह बारीसाई टोला में पिछले दो सप्ताह से छाया अंधेरा गुरुवार को बिजली बहाल होने के साथ दूर हो गया. बिजली आने पर ग्रामीणों ने आभार बैठक आयोजित कर खुशी जाहिर की. ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए विधायक निरल पुरती, जिला परिषद सदस्य जवाहर बोयपाई और पंचायत की मुखिया मनीला देवगम के प्रति आभार जताया.
दो पोल गिरने से दो सप्ताह से था अंधेरा
ग्रामीणों के अनुसार रोलाडीह बारीसाई टोला में बिजली के दो पोल गिर जाने के कारण पिछले करीब दो सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बाधित थी. ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विधायक निरल पुरती, जिप सदस्य जवाहर बोयपाई और मुखिया मनीला देवगम से की थी. ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
नया पोल लगाकर बहाल की गयी आपूर्ति
तांतनगर विद्युत उपकेंद्र के तकनीकी सहायक पप्पू खान ने बुधवार को अपनी देखरेख में पोल गिरने वाले स्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद वहां नया पोल गाड़ा गया. पोल लगाने के बाद आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गयी. बिजली आने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा.
बिजली को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील
आभार बैठक में जिप सदस्य जवाहर बोयपाई ने कहा कि बिजली आज के समय में बेहद जरूरी सुविधा है. उन्होंने ग्रामीणों से विद्युत व्यवस्था को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाने और सावधानी बरतने की अपील की. बैठक में गोनो सिंह बारी, हरिचरण बारी, संतोष बारी, रोशन बारी, पिटेंग बारी, संजीत देवगम, चेमे बारी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
