राखी के धागों में बंधा भाई-बहन का प्यार, आरती, मिठाई और उपहारों से सजा पर्व

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गुवा में भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाइयों ने बहनों की रक्षा का संकल्प लिया।

गुवा : कलाई पर सजी राखी, माथे पर तिलक, आरती की थाल और मिठाइयों की खुशबू... शुक्रवार को गुवा और आसपास का पूरा क्षेत्र भाई-बहन के अटूट प्रेम के रंग में रंगा नजर आया. कहीं बहनों ने भाइयों की कलाई पर स्नेह का धागा बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, तो कहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनके साथ खड़े रहने का वादा किया. भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास और उत्सवी माहौल के बीच मनाया गया.

सुबह से ही दिखा उत्साह

श्रावणी पूर्णिमा के अंतिम अवसर पर सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर रेशम के धागे से बनी रंग-बिरंगी राखी बांधी. इसके बाद बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की.


भाइयों को राखी बांधतीं बहन.

भाइयों ने मिठाई खिला प्रेम का किया इजहार

वहीं, भाइयों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया. भाइयों ने हर सुख-दुख में बहनों का साथ देने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया. इस मौके पर भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की खुशियों को और खास बना दिया. लंबे समय बाद या दूर रह रहे भाई-बहनों के मिलन ने कई परिवारों में त्योहार की खुशी को दोगुना कर दिया.

शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर गुवा के विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही. महिलाओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. पूजा-अर्चना के बाद कई बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर इस पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया. रक्षाबंधन को लेकर गुवा के बाजार भी पूरे दिन गुलजार रहे. राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर लोगों की खूब भीड़ देखी गई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sandip K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >