आद्रा-हटिया पैसेंजर की लेटलतीफी पर रेलवे सख्त, जानें क्यों हो रही है यात्रियों को परेशानी...

आद्रा-हटिया पैसेंजर ट्रेन की लगातार देरी से चलने की शिकायतों पर रेलवे मुख्यालय ने संज्ञान लिया है. रांची और चक्रधरपुर रेल मंडलों से पिछले तीन महीनों का वास्तविक समयबद्धता का आंकड़ा तुरंत उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया गया है.

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय ने ट्रेन संख्या 86035 आद्रा-हटिया पैसेंजर ट्रेन की लगातार लेट-लतीफी और खराब समयबद्धता (पंक्चुअलिटी) पर कड़ा रुख अपनाया है. मुख्यालय ने रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल से पिछले तीन महीनों का वास्तविक पंक्चुअलिटी आंकड़ा तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है. इस संबंध में मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक, गार्डन रीच कोलकाता ने शुक्रवार (11 सितंबर) को एक आपातकालीन आदेश (ई/ओ नंबर 105/09) जारी कर जवाब तलब किया है.

जून से अगस्त तक के प्रदर्शन का मांगा गया ब्योरा

जारी आधिकारिक संदेश के अनुसार, सीनियर डीओएम रांची और चक्रधरपुर को निर्देश दिया गया है कि वे जून 2026 से अगस्त 2026 तक के तीन महीनों में ट्रेन संख्या 86035 आद्रा-हटिया पैसेंजर के परिचालन की समयबद्धता के वास्तविक आंकड़े तैयार कर मुख्यालय भेजें. ट्रेन के लगातार विलंब से चलने और निर्धारित समय पर स्टेशनों तक न पहुंचने को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया है.

दैनिक यात्रियों की परेशानी और बढ़ती शिकायतों के बाद एक्शन

आद्रा से हटिया के बीच चलने वाली यह पैसेंजर ट्रेन इस रूट के दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. पिछले कुछ समय से इस ट्रेन का परिचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. समय पर गंतव्य तक न पहुंचने के कारण लगातार मिल रही शिकायतों और फीडबैक को संज्ञान में लेते हुए सीपीटीएम कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लिया है.

रिपोर्ट आने के बाद परिचालन सुधारने के लिए उठाए जाएंगे कदम

रेलवे सूत्रों के अनुसार, दोनों मंडलों द्वारा आंकड़े प्रस्तुत किए जाने के बाद ट्रेन के देरी से चलने के मुख्य कारणों की समीक्षा की जाएगी. यदि ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग या अनधिकृत चेन पुलिंग के कारण विलंब हो रहा है, तो उस पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे. मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करने और रिपोर्ट तत्काल भेजने का सख्त निर्देश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशील कुमार महतो

सुशील कुमार महतो के पास 21 वर्षों की पत्रकारिता का अनुभव है. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से बीएससी किया है. उन्होंने खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक एवं सामाजिक विश्लेषण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे और जनसरोकार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है. वे दो-तीन वर्षों से डिजिटल मीडिया में भी सक्रिय हैं और आधुनिक पत्रकारिता के माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को व्यापक स्तर तक पहुंचा रहे हैं. वर्तमान में प्रभात खबर के चक्रधरपुर कार्यालय में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >