चाईबासा में ग्रामीण विकास कार्यशालाआयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को किया गया सम्मानित

चाईबासा में ग्रामीण विकास विभाग के उत्कृष्ट कर्मियों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निर्देश दिए।

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा परिसर स्थित सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों की समीक्षा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से कार्यशाला सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.

कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्जवलन से हुआ. प्रशिक्षण सत्र में कृषि एवं उद्यान के उपनिदेशक अनुपम भारती, एसआरसीई के रोशन पाट पिंगुवा तथा कोल्हान सोशलडिट यूनिट के प्रभारी जग नारायण जगत ने विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की.

इस अवसर पर जिला स्तर पर तैयार किए गए फोन नंबर संग्रह का भी विमोचन किया गया, जिससे विभागीय समन्वय एवं त्वरित संवाद व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गयी.

ये पदाधिकारी हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं गमछा प्रदान कर सम्मानित किया गया. जिला पंचायती राज पदाधिकारी, तांतनगर, मझगांव एवं मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद के सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक(आवास) एवं जल छाजन के जिला तकनीकी विशेषज्ञ को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया.

प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंझारी एवं कुमारडुंगी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, मंझारी एवं आनंदपुर के प्रखंड समन्वयक तथा जिले के सभी 18 प्रखंडों के पंचायत सचिवों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

इसके अतिरिक्त 4 पंचायत सहायकों, 4 पंचायत प्रखंड समन्वयकों तथा 15वें वित्त आयोग मद से जुड़े 6 कनीय अभियंताओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. जल छाजन परियोजना अंतर्गत उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया तथा सांकेतिक रूप से 9 कर्मियों को पहचान पत्र प्रदान किए गए.

वहीं आवास योजना के तहत 13 लाभुकों को गृह प्रवेश स्वीकृति पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गयी.

जरूरतमंद श्रमिकों को नियमित रूप से कार्य उपलब्ध कराने का निर्देश

मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण विकास योजनाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत जीराम जी के अंतर्गत मानव दिवस सृजन एवं प्रतिदिन श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में सभी रोजगार सेवकों को प्रत्येक पंचायत में अधिकाधिक रोजगार का सृजन सुनिश्चित करें तथा जरूरतमंद श्रमिकों को नियमित रूप से कार्य उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने श्रमिकों के ई-केवाईसी कार्य को विशेष अभियान के रूप में संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र श्रमिकों का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक माह कम-से-कम 500 आवास पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है. उन्होंने सभी आवास कर्मियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को गंभीरता के साथ कार्य में तेजी लाने तथा लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.

15 अगस्त तक हर हाल में सभी पंचायत सचिवालयों के सुद्ढीकरण करने का निर्देश

उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी पंचायत सचिवालयों के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगामी 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि पंचायत स्तर पर प्रशासनिक एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके.

उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने भी विभागीय योजनाओं की समीक्षा के क्रम में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए.

विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का उपायुक्त ने किया अवलोकन

कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की. कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता एवं ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया तथा गुब्बारे उड़ाकर ग्रामीण विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का सामूहिक संदेश दिया. इसके अलावा नशा मुक्त समाज के निर्माण का भी संकल्प लिया गया.

ये अधिकारी रहे

उपस्थित

कार्यक्रम में पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आइएस ईरा जोरवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सविता टोपनो, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित ग्रामीण विकास विभाग के क्षेत्रीय पदाधिकारी, अभियंता, समन्वयक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य कर्मी प्रतिभागी के रूप में उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bhagirathi Mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >