नोवामुंडी: साक्षरता दिवस के अवसर पर रविवार को नोवामुंडी प्रखंड के करीब 100 सरकारी विद्यालयों में प्रौढ़ साक्षरता परीक्षा आयोजित की गयी. परीक्षा में गांवों और विद्यालयों के आसपास के टोले-मोहल्लों में रहने वाले उन प्रौढ़ महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया, जिन्हें साक्षरता मिशन के तहत शिक्षकों ने पढ़ाया था.
बीआरसी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रखंड के विभिन्न गांवों में चिन्हित निरक्षर प्रौढ़ लोगों को शिक्षकों के माध्यम से नियमित रूप से पढ़ना-लिखना सिखाया गया. इसके बाद उनकी सीखने की क्षमता का आकलन करने के लिए रविवार को संबंधित विद्यालयों में परीक्षा ली गयी.
परीक्षा में उत्साह के साथ शामिल हुए प्रौढ़
परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में प्रौढ़ महिला-पुरुष उत्साह के साथ शामिल हुए. परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को साक्षरता प्रमाण पत्र दिया जायेगा. इस अभियान का उद्देश्य गांवों में निरक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में जरूरी बुनियादी ज्ञान से सक्षम बनाना है.
बीआरसी कार्यालय के अनुसार, विद्यालयों के माध्यम से चलाये जा रहे इस अभियान से प्रखंड में अधिक से अधिक निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. साक्षरता परीक्षा को लेकर शिक्षकों और ग्रामीणों में भी उत्साह देखा गया.
