चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम : शहर में सड़क किनारे पार्किंग शुल्क वसूली और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों से बढ़ते जाम को लेकर भाजपा ने चाईबासा नगर परिषद पर गंभीर सवाल उठाये हैं. भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सह अधिवक्ता हेमंत कुमार केशरी ने उपायुक्त को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि नगर परिषद शुल्क लेकर सड़क किनारे वाहन, ठेला और दुकान लगाने को अप्रत्यक्ष संरक्षण दे रहा है. शिकायत की प्रतिलिपि आयुक्त को भी दी गयी है.
शिकायत में कहा गया है कि मंगलवार के साप्ताहिक हाट के दौरान बस स्टैंड, गाड़ीखाना रोड, कांग्रेस भवन से बड़ी बाजार तक सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और पार्किंग से पूरे शहर में जाम की स्थिति बन जाती है. आरोप है कि शुल्क की रसीद मिलने के कारण कार्रवाई करने में भी संबंधित विभाग पीछे हटते हैं.
पार्किंग शुल्क पर रोक लगाने की मांग
श्री केसरी ने पैदल मार्गों पर अतिक्रमण को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विरुद्ध बताते हुए पार्किंग शुल्क के नाम पर हो रही कथित वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर पूरे साक्ष्य के साथ मामला उच्चतम न्यायालय तक ले जाने की चेतावनी दी है.
