मझगांव: प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय घोड़ाबंधा परिसर में रविवार को टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से एस्पायर संस्था के तत्वावधान में ज्योति फैलोशिप मेरिट टेस्ट परीक्षा आयोजित की गयी. इसमें शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े विभिन्न विद्यालयों के 45 छात्र-छात्राएं शामिल हुए. परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी. इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी.
जिप सदस्य ने प्रश्नपत्र का सील खोलकर किया शुभारंभ
परीक्षा का शुभारंभ मझगांव की जिला परिषद सदस्य पूनम जेराई ने प्रश्नपत्र का सील खोलकर किया. इस दौरान उन्होंने परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मन लगाकर परीक्षा दें और सभी सवालों को पूरा करने का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि आज की मेहनत का परिणाम भविष्य में जरूर मिलेगा. फैलोशिप के तहत मिलने वाली सहायता राशि से विद्यार्थी ट्यूशन फीस, कॉपी-किताब और पढ़ाई से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री खरीद सकेंगे. इससे उच्च शिक्षा ग्रहण करने में आर्थिक परेशानी कम होगी और अभिभावकों पर भी बोझ घटेगा.
चयनित विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष मिलेंगे 25 हजार रुपये
लर्निंग कोऑर्डिनेटर महेश्वर किशन ने बताया कि टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से यह परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को इंस्टॉलमेंट के रूप में प्रतिवर्ष 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जायेगी. उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 50 बच्चों का चयन किया गया था, जिनमें से पांच विद्यार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा में 23 छात्र और 22 छात्राएं शामिल हुईं.
पिछले सत्र के विद्यार्थियों को भी मिल रही है स्कॉलरशिप
महेश्वर किशन ने बताया कि इससे पहले भी पिछले सत्र में ज्योति फैलोशिप के लिए परीक्षा आयोजित की गयी थी. उस परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से स्कॉलरशिप मिल रही है. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनकी शिक्षा जारी रखने में सहयोग करना है.
मौके पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नारायण मूर्ति, सावन पान, जामदार हेंब्रम, भानुप्रिया पान, लक्ष्मण हेंब्रम, करीना नायक, चंद्रावती जेराई, बबीता कुमारी, एम चिश्ती और सुष्मिता कालिंदी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
