गुवा. चक्रधरपुर रेल डिवीजन के डांगुवापोसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. गुवा के कल्याण नगर निवासी 32 वर्षीय मजदूर समीर खान की 80 से 100 फीट ऊंचे स्ट्रक्चर से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. यह दुर्घटना कैरेज एंड वैगन विभाग के सीक लाइन क्षेत्र में स्थित स्ट्रक्चर की ब्लू शीट बदलने के दौरान हुई. घटना के बाद से साथी मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
सुरक्षा उपकरणों के बिना कराया जा रहा था काम
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त मौसम बेहद खराब था और लगातार बारिश भी हो रही थी. इसके बावजूद मजदूरों से इतनी अधिक ऊंचाई पर काम करवाया जा रहा था. आरोप है कि समीर खान को बिना किसी पर्याप्त सुरक्षा उपकरण के उस खतरनाक स्ट्रक्चर पर चढ़ाया गया था.
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद उन्हें तुरंत वाहन से टाटा स्टील नोवामुंडी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. समीर की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
लापरवाही की जांच और मुआवजे की उठी मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद रेलवे परिसर में ठेका कार्यों के दौरान सुरक्षा निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तीखे सवाल किए हैं कि ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों को सेफ्टी हार्नेस, बेल्ट, हेलमेट और सुरक्षा रस्सी जैसे जरूरी उपकरण दिए गए थे या नहीं. यदि उपकरण थे, तो हादसा कैसे हुआ और यदि नहीं, तो किसकी अनुमति से इतनी ऊंचाई पर काम हो रहा था.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और नौकरी की मांग
परिजनों और मजदूरों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की पुरजोर मांग की है. उन्होंने कहा कि जांच में यदि ठेकेदार, सुपरवाइजर या किसी भी जिम्मेदार रेलवे अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. इसके साथ ही, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक आश्रित को रेलवे में नौकरी देने की भी मांग उठाई गई है ताकि पीड़ित परिवार का भरण-पोषण हो सके.
