6 बच्चों समेत 10 बीमार, 3 दिन बाद भी नहीं पहुंची मेडिकल टीम

कुमारडुंगी के गाड़ासाई टोला में बाढ़ के बाद 6 बच्चों समेत 10 लोग बीमार हैं. तीन दिन बीतने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची, ग्रामीण परेशान हैं.

मझगांव प्रखंड के ईठर गांव के गाड़ासाई टोला में 13 अगस्त को धानसारी नदी में आयी बाढ़ ने भारी तबाही मचायी है. बाढ़ का पानी उतरने के तीन दिन बाद भी स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव नहीं पहुंची है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है. लगातार गंदे पानी के संपर्क में रहने और भीगने के कारण टोला में 6 मासूम बच्चों सहित करीब 10 लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गये हैं. 13 अगस्त को मूसलाधार बारिश के बाद धानसारी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ का पानी गाड़ासाई टोला के घरों में घुस गया था.

घंटों पानी में फंसे रहे लोग

जान बचाने के लिए ग्रामीणों को बच्चों संग सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा. घंटों पानी में फंसे रहने के कारण अब लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. बीमारों में अभिराम सिरका की पत्नी कुंती सिरका, उनके तीन बच्चे (अमित, मीरा, कृष्ण व बेटा मंगल), चैतन्य सिरका की पत्नी लक्ष्मी व बच्ची बोती, सोमाय सिरका के परिवार के तीन सदस्य तथा सागर सिरका के दो बच्चे शामिल हैं. गरीब परिवार सरकारी स्वास्थ्य सुविधा की बाट जोह रहे हैं.

कच्चे मकान ढहे, अनाज व सामान बर्बाद

घरों में 3 से 4 घंटे तक कमर भर पानी जमा रहने से कच्चे मकानों की नींव और दीवारें नम हो गयी हैं. जुमाल सिरका और चैतन्य सिरका के कच्चे मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं, जबकि कई घरों में गहरी दरारें आ गयी हैं. बेघर हुए लोग पड़ोसियों के बरामदे में शरण लिए हुए हैं. घरों में रखा धान, चावल, कपड़े, बर्तन बर्बाद हो गए और मुर्गियां बह गयी. फिलहाल विधायक निरल पूर्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए राशन से ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की जा रही है.

जल्द भेजी जायेगी मेडिकल टीम: सीएचसी प्रभारी

मामले को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजशेखर कुमार ने बताया कि सीएचओ और एएनएम को ममता वाहन से प्रभावित गांव भेजने के निर्देश दिए गए थे. यदि टीम अब तक नहीं पहुंची है, तो तत्काल चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को आवश्यक दवाओं के साथ मौके पर भेजा जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md Wasiuddin

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >