चाईबासा से सुनिक कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लगातार मुठभेड़ जारी है. आईईडी ब्लास्ट और गोलीबारी की घटनाओं में दो दिनों के भीतर आधा दर्जन से अधिक जवान घायल हो चुके हैं, जबकि इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.
शीर्ष नक्सली नेताओं की तलाश में अभियान तेज
सुरक्षाबलों द्वारा एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा उर्फ सागर और असीम मंडल के दस्ते की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम लगातार जंगलों में अभियान चला रही है.
आईईडी ब्लास्ट में एक और जवान घायल
गुरुवार को बाबूडेरा क्षेत्र में हुए आईईडी ब्लास्ट में एक और जवान घायल हो गया. इससे पहले बुधवार को हुई मुठभेड़ में पांच जवान घायल हुए थे. इस तरह दो दिनों में कुल छह जवान घायल हो चुके हैं.
लगातार फायरिंग, दोनों ओर से मुठभेड़
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना होने पर रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है. इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल रखा है.
घायल जवान को रांची किया गया एयरलिफ्ट
कोबरा 209 बटालियन के जवान जितेंद्र कुमार राय के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में रांची एयरलिफ्ट किया गया है.
कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका
सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
एसपी का बयान
पुलिस अधीक्षक अमित रेणू ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. ऑपरेशन समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: सारंडा के बीहड़ में खुल गई विकास की पोल, कोल्हान रक्षा संघ की बैठक में लगी समस्याओं की झड़ी
इसे भी पढ़ें: गढ़वा का ‘मॉडल’ बना रंका सीएचसी, जिला अस्पताल जैसी सुविधाओं से लैस
