चक्रधरपुर. शहर के मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को ‘बैक टू स्कूल कैंपेन रुआर 2026’ के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बताया गया कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में बच्चों के नामांकन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है. राज्य स्तर पर यह अभियान 9 अप्रैल से शुरू हो चुका है, जबकि प्रखंड स्तर पर इसकी शुरुआत 15 अप्रैल से हुई है. यह विशेष नामांकन अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा.
ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने का उद्देश्य
कार्यशाला में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और शिक्षकों के साथ अभियान को सफल बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जायेगा. प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी बलराज कपूर, पवन सिंह, देवाशीष रक्षित एवं अनिल प्रजापति ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में लगभग 59 हजार बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में अभी भी 3058 बच्चे ड्रॉपआउट श्रेणी में हैं, जिन्हें पुनः स्कूल से जोड़ना अभियान का मुख्य उद्देश्य है. ‘रुआर 2026’ के तहत अनामांकित व स्कूल नहीं आने वाले बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराया जायेगा. अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बच्चों का नामांकन, कक्षा 5 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 6 में व कक्षा 8 पास छात्रों का कक्षा 9 में दाखिला सुनिश्चित होगा. इस अभियान को सफल बनाने में इको क्लब, बाल संसद, हाउस कैप्टन, विद्यालय प्रबंधन समिति, सरस्वती वाहिनी माता समिति एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा. राज्य सरकार द्वारा जारी 15 दिनों की कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक दिन विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया गया है. कार्यशाला में शिक्षकों ने भी अपने सुझाव साझा कर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीआरपी प्रियंका कुमारी, रिसोर्स शिक्षक सुशीला बिरुवा, देवाशीष रक्षित, पीरामल फाउंडेशन से ताहा कौसर सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सीआरपी उपस्थित रहे.