चाईबासा. मुफस्सिल थाना अंतर्गत महुलसाई में संदिग्ध परिस्थिति में 48 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक की पहचान जमशेदपुर के बिरसानगर जोन-3 निवासी संजीव कुमार शर्मा उर्फ सोना के रूप में हुई. सदर अस्पताल में गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजन शव को लेकर जमशेदपुर लौट गये.
फाइनेंस कंपनी में काम करता था संजीव
परिजनों के अनुसार, संजीव एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. वह 11 अगस्त को किसी सिलसिले में चाईबासा आया था. वह केएनआर नामक रेस्टोरेंट में ठहरा था. 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे घूमने के लिए बाहर निकला था. महुलसाई के पास अचानक चक्कर आने से जमीन पर गिर पड़ा. स्थानीय महिला ने उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
दिल की बीमारी से ग्रसित था संजीव
परिजन गुरुवार को चाईबासा पहुंचे. उन्होंने बताया कि संजीव को दिल की बीमारी थी. उनका इलाज चल रहा था. उन्होंने बताया कि जिस रेस्टोरेंट में ठहरे थे, वहां उनके साथ एक महिला भी थी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सहीं वजह सामने आएगी. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
