चाईबासा. टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी गांव के पास शनिवार की रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गयी. घटना में सुंडी सुरनिया गांव निवासी तुराम हेस्सा (38 वर्ष) की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद युवक रातभर पुलिया के नीचे घायल पड़ा रहा. समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया.
सुबह बर्तन विक्रेता ने दी जानकारी :
घटना का खुलासा रविवार की सुबह हुआ. एक व्यक्ति बर्तन बेचने जा रहा था. उसने पुलिया के नीचे एक बाइक और शव को देखा. उसने तुरंत चालगी गांव के ग्रामीणों को सूचना दी. इसके बाद परिजनों और पुलिस ने शव की पहचान की. टोंटो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
एसीसी फैक्ट्री में मजदूरी करता था :
परिजनों के अनुसार, तुराम हेस्सा झींकपानी के लुगुनसाई में रहकर एसीसी फैक्ट्री में ठेका मजदूरी का काम करता था. रविवार को अवकाश होने के कारण वह शनिवार रात अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने गांव सुंडी सुरनिया लौट रहा था.
रात 8 बजे हुई थी अंतिम बात
मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:00 बजे तुराम ने फोन कर घर आने की बात कही थी. वह देर रात तक नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने दो-तीन बार फोन किया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. परिजनों को लगा कि वह शायद सुबह आएगा, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली.
त्योहार की खुशियां मातम में बदली
ग्रामीणों ने बताया कि आगामी 9 मार्च को गांव में ””””मागे पर्व”””” होने वाला है. तुराम इसी त्योहार की तैयारियों में शामिल होने के लिए घर आ रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया.
हाटगम्हरिया : पुलिया पर बैठा युवक नीचे गिरा, सिर में चोट लगने से गयी जान
हाटगम्हरिया. हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बारुसाई गांव में शनिवार की रात हादसे में 37 वर्षीय विजय सिंकु की मौत हो गयी. वह आमडीहा का निवासी था. शनिवार को बारुसाई गांव में मागे पर्व मनाने के लिए आया था. जानकारी के अनुसार, विजय सिंकु शनिवार रात करीब 8 बजे नशे की हालत में गांव की पुलिया पर बैठा हुआ था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से सिर के बल नीचे गिर गया. उसे गंभीर चोटें आयीं. अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण पूरी रात किसी को घटना की भनक नहीं लगी. वह वहीं पड़ा रहा. रविवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे. शव की शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा है.
ग्रामीणों की मांग, पुलिया पर रेलिंग व लाइट की व्यवस्था हो :
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की पुलियाओं पर सुरक्षा रेलिंग, रोशनी की व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाये जायें, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
नशापान से दूर रहें युवा
हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने आम जनता से अपील की है. यह हादसा समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है. अपनी सुरक्षा के लिए खुद पर नियंत्रण रखना और नशापान से दूर रहना अनिवार्य है. जब आम जनता जागरूक होगी, तभी समाज और व्यक्तित्व का विकास संभव है. लोग सुरक्षित रहें और ऐसी जानलेवा आदतों से बचें.
बांधडीह में ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत
चौका. ईचागढ़ के बांधडीह में शनिवार देर रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बांधडीह निवासी श्याम मांझी (28) के रूप में हुई है. मृतक श्याम मांझी अपने घर से शौच के लिए खेत की तरफ जा रहा था उसी समय कड़का गांव की ओर जा रहे एक ट्रेक्टर ने पंचायत भवन हनुमान मंदिर के सामने श्याम मांझी को अपने चपेट में ले लिया. जिससे श्याम की मौके पर ही मौत हो गयी. थानेदार बजरंग महतो दल-बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया.
घर लौट रहे युवक की बाइक से गिरकर मौत
चाईबासा. हाटगम्हरिया थाना अंतर्गत बारूसाई के पास शनिवार की देर रात एक बाइक सवार युवक की गिरकर मौत हो गयी. मृतक की पहचान हाटगम्हरिया के कोड़ासाई निवासी विजय सिंकु (24) के रूप में हुई. पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बताया कि गांव में मागे पर्व मनाया जा रहा है. शनिवार को मृतक बारूसाई टोला गया था. रात को बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान गांव के पास ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गया. जिससे उसकी मौत हो गयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.