चाईबासा. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बारीपी गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गयी. मृतका की पहचान बारीपी निवासी होरी गोप की पुत्री लक्ष्मी गोप के रूप में हुई है.
कैसे हुई घटना:
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे लक्ष्मी गांव की अन्य छोटी बच्चियों के साथ घर से कुछ ही दूरी पर स्थित तालाब में नहाने गयी थी. सभी बच्चियां साथ में स्नान कर रही थीं, तभी अचानक लक्ष्मी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गयी. उसे डूबता देख साथ गयी बच्चियां डर गयीं और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागीं.ग्रामीणों ने निकाला बाहर:
बच्चियों से घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में तालाब पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किशोरी को पानी से बाहर निकाला. उसे तुरंत घर लाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.शारदा उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा थी लक्ष्मी:
परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी पढ़ने में रुचि रखती थी. वह शारदा उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा थी और वर्तमान में छठी कक्षा में पढ़ाई कर रही थी. घटना से स्कूल और गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव:
घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शुक्रवार को सदर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. थी.
