Chaibasa: चक्रधरपुर रेल मंडल के चाईबासा रेलखंड में हाथियों का आतंक रेलवे के लिए न केवल परिचालन, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ी चुनौती बन गया है. गुरुवार सुबह तालाबुरु के पास रेलवे ट्रैक पर अचानक 8 हाथियों का झुंड आ गया, जिसे देखने के बाद ड्यूटी पर तैनात ट्रैकमेंटेनरों में अफरा-तफरी मच गयी. घटना गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे की है. चाईबासा पीडब्ल्यूआई के अधीन तालाबुरु (किलोमीटर 337/6-8) के पास ‘कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग’ कर रहे ट्रैकमेंटेनर उस वक्त सहम गए, जब उनसे महज कुछ ही दूरी पर 8 हाथियों का झुंड अप रेल लाइन पर आ गया. हाथियों को देख कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. प्रत्यक्षदर्शी ट्रैकमेन के अनुसार, झुंड ट्रैक पार कर किलोमीटर 336/0 की ओर बढ़ रहा था.
मालगाड़ियों का परिचालन थमा, कॉशन ऑर्डर जारी
ट्रैक पर हाथियों के आने की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की. सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर ट्रेनों के मूवमेंट को करीब एक घंटा तक रोक दिया गया. हालांकि उस समय किसी यात्री ट्रेन का वक्त नहीं था, लेकिन मालगाड़ियों को रोक दिया गया. रेलवे ने तालाबुरु क्षेत्र के लिए ‘कॉशन ऑर्डर’ जारी किया है. इसके तहत लोको पायलटों को निर्देश दिया गया है कि वे ट्रैक और आसपास नजर रखते हुए ट्रेन की गति धीमी रखें और लगातार हॉर्न बजाते हुए आगे बढ़ें.
यूनियन की मांग : बंद हो कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग
इस घटना के बाद ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने कर्मचारियों की सुरक्षा पर गहरी चिंता जतायी है. यूनियन के अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने रेल प्रशासन से मांग की है कि चक्रधरपुर मंडल के सभी एलिफेंट कॉरिडोर में नाइट कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग को तत्काल बंद किया जाए. ड्यूटी रोस्टर में बदलाव कर ट्रैकमेन और कीमैन की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
इसे भी पढ़ें:
पतरातू में अतिक्रमण पर फिर चला बुलडोजर, प्रशासन का अभियान जारी
हंटरगंज के बलुरी में चार दिन बाद कुएं से मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
