चाईबासा: सावन के अंतिम सोमवार को चाईबासा शहर और आसपास के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं. हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक किया. सुबह से शुरू हुआ पूजा-अर्चना का सिलसिला शाम तक चलता रहा.
सुबह से मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतार
सावन के अंतिम सोमवार को युवती, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और गंगाजल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति की कामना की.
इन शिवालयों में हुआ जलाभिषेक
चाईबासा के करणी मंदिर, बाबा मंदिर, जोड़ा तालाब स्थित शिव मंदिर, शंभू मंदिर, पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर, खाकी मंदिर, सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, पुलहातु, मोचीसाईं, टुंगरी, छोटा नीमडीह, सदर बाजार दुर्गा मंदिर स्थित शिवालय, सदर थाना स्थित शिव मंदिर, मुफस्सिल थाना स्थित शिव मंदिर, डोंका साईं और सुपलसाई समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया.
मंदिर समितियों ने की भंडारा और प्रसाद की व्यवस्था
मंदिर समितियों द्वारा भंडारा और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गयी थी. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा.
सावन के सोमवार को बताया विशेष फलदायी
पंडितों के अनुसार, सावन का सोमवार विशेष फलदायी होता है. इस दिन व्रत और जलाभिषेक से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.
